केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मिलता एमबीबीएस विद्यार्थियों का प्रतिनिधिमंडल। स्रोत : विद्यार्थी
उचाना। एमबीबीएस विद्यार्थियों का प्रतिनिधिमंडल डॉ. विनय श्योकंद काकड़ोद की अगुवाई में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से दिल्ली के हरियाणा स्टेट गेस्ट हाउस में मिला।
डॉ. विनय श्योकंद ने बताया कि उनकी प्रमुख मांग है कि वजीफा निधि को 17 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपये किया जाए। जब मनोहर लाल प्रदेश के सीएम थे तब भी विद्यार्थियों का प्रतिनिधिमंडल उनसे चार बार मिल चुका था। अब दोबारा से मिलकर मांग को याद दिलाया गया।
डॉ. विनय श्योकंद ने कहा कि जब प्रदेश के सीएम मनोहर लाल थे तो उनसे प्रतिनिधिमंडल मिला था। तब तत्कालीन सीएम ने तुरंत प्रभाव से उनकी मांग को पूरी करने के निर्देश दिए थे, लेकिन सीएम बदले जाने के चलते वह अधर में लटक गई थी। इस मांग को पूरा करवाने के लिए वह दोबारा मिले तो चुनाव की घोषणा होने के चलते आचार संहिता लग गई। इसके चलते उनकी मांग पूरी नहीं हो पाई थी। अब जल्द से जल्द ये मांग पूरी होने की उम्मीद है, क्योंकि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने इस मांग को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर तमन्ना चहल, जिया यादव, गौतम कादियान, निखिल सहरावत मौजूद थे।