सफीदों । 13 जनवरी को खानसर चौक पर शराब ठेकेदार गौरव अग्रवाल की हत्या करने के मामले में पुलिस ने इस हत्याकांड के मास्टरमाईंड दीपेंद्र उर्फ टीना निवासी साहनपुर को पकड़ लिया है। पुलिस ने आरोपी दीपेंद्र को सोमवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 3 दिन के रिमांड पर भेज दिया गया है। दीपेंद्र की गिरफ्तारी महिपालपुर (दिल्ली) से बताई गई है। यह सारा घटनाक्रम को किसी रंजिश व शराब व्यापार से जोड़कर देखा जा रहा था।
13 जनवरी को सफीदों के खानसर चौक पर स्थित शराब ठेके पर ठेकेदार गौरव अग्रवाल बाहर बैठा हुआ था और वह किसी से फोन पर बात कर रहा था। इसी बीच दो अज्ञात युवक बाइक पर सवार होकर आए और गौरव अग्रवाल पर कई राउंड फायर करके मौके से फरार हो गए। इस फायरिंग में गौरव अग्रवाल की मौत हो गई थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी। जांच में सामने आया था कि इस हत्याकांड का मास्टरमाइड दीपेंद्र उर्फ टीना व उसके साथी हैं। तभी से आरोपी दीपेंद्र फरार चल रहा था।
सफीदों शहर थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने कहा कि आठ महीने के बाद दीपेंद्र उर्फ टीना को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया। यहां से अदालत ने उसे तीन दिन के रिमांड पर भेजने के आदेश दिए। इस मामले में दो आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके हैं।