शहीद प्रदीप नैन को श्रद्धांजलि अर्पित करते स्वास्थ्य मंत्री डॉ. कमल गुप्ता। संवाद
जींद/नरवाना। आतंकवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में शहीद हुए पैरा कमांडो प्रदीप नैन का सोमवार को उनके पैतृक गांव जाजनवाला में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान प्रदेश के स्वास्थ्य और आयुष मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, राज्य सभा सांसद सुभाष बराला, विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा, डीसी मोहम्मद इमरान रजा, एसपी सुमित कुमार और नरवाना के एसडीएम अनिल दून ने शहीद प्रदीप नैन को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
गुप्ता ने कहा कि शहीद प्रदीप की शहादत पर हरियाणा को गर्व है। वे मुख्यमंत्री नायब सिंह का संदेश लेकर ही प्रदीप नैन को नमन करने यहां पहुंचे हैं। शहीद परिवार को सभी राजकीय लाभ मिलेंगे। सुभाष बराला ने कहा कि गर्व की बात है कि शहीद प्रदीप नैन ने देश के लिए लड़ते-लड़ते अपने प्राण न्योछावर किए हैं। उनकी शहादत को सदियों तक याद किया जाएगा। विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा ने कहा कि शहीद प्रदीप नैन की बदौलत जाजनवाला गांव का नाम स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। वे व्यक्तिगत तौर पर इस परिवार के साथ हमेशा खड़े रहेंगे।