नरवाना। अनाज मंडियों से गेहूं का उठान नहीं होने से परेशान होकर आढ़तियों ने कपास मंडी के गेट पर ताला जड़कर रोष प्रकट किया। सूचना मिलने के बाद मंडी सचिव पूजा मौके पर पहुंची और आश्वासन दिया, पर आढ़ती इससे सहमत नहीं हुए। इसके बाद मंडी प्रधान राजेश शर्मा ने एसडीएम अनिल कुमार दून से फोन पर बात की। एसडीएम ने उन्हें गेहूं उठान को लेकर गाड़ियों की संख्या बढ़ाने का आश्वासन दिया। इसके बाद आढ़ती संतुष्ट हो गए और उन्होंने ताला खोल दिया। मंडी तीन घंटे बंद रहने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
नरवाना की अनाज मंडी में गेहूं का उठान नहीं होने से किसान और आढ़तियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर आढ़ती और किसान प्रशासन से मांग कर चुके हैं, लेकिन गेहूं उठान के धीमे कार्य के चलते मंडी बोरियों से अटी हुई है। इसके विरोध में सोमवार को मंडी आढ़तियों ने रोष प्रकट कर कपास मंडी गेट पर ताला जड़ दिया। मंडी प्रधान राजेश शर्मा ने कहा कि कपास मंडी में लगभग दो लाख गेहूं से भरे बैग रखे हैं, जिसमें से केवल दस से 12 हजार का ही उठान किया गया है। पिछले दिनों डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने नरवाना की अनाज मंडियों का दौरा कर उठान के लिए दो दिन का समय दिया था, मगर एजेंसियों की ओर से उठान नहीं करने से डीसी के आदेश की अवहेलना हो रही है। उन्होंने कहा कि कपास मंडी के नजदीक लगते एफसीआई गोदाम से भी 15 अप्रैल से अब तक केवल 7 प्रतिशत ही माल का उठान हुआ है।
मंडी प्रधान ने कहा कि गेहूं के उठान के लिए करीब 100 गाड़ियां लगना जरूरी है। 100 गाड़ियों के भी जब दो चक्कर लगे तब जाकर मंडी से गेहूं का उठान हो पाएगा। इस अवसर पर सचिन मितल, सुभाष बंसल, रोशन लाल बडऩपुर, अर्जुन शर्मा, जय भगवान शर्मा, सुरेश शर्मा, सुरेश कलौदा, निखिल चौधरी, काकू राम, राजीव शर्मा, प्रवीन जैन, रविशंकर गुप्ता मौजूद रहे।
कपास मंडी गेहूं से भरे दो लाख बैग पड़े है। इनको उठाने के लिए कपास मंडी में 17 गाड़ियां लगा दी गी हैं। उनके दो-दो चक्कर लगाए जाएंगे, ताकि उठान जल्दी हो जाए। कल ठेकेदारों को बुलाकर गाड़ियों के लगभग तीन-तीन चक्कर लगाने के निर्देश दिए जाएंगे। -अनिल कुमार दून, एसडीएम नरवाना।
29जेएनडी23-कपास मंडी के गेट पर लगाया गया ताला। संवाद
29जेएनडी23-कपास मंडी के गेट पर लगाया गया ताला। संवाद
29जेएनडी23-कपास मंडी के गेट पर लगाया गया ताला। संवाद