उचाना। बारिश के बाद मंडी की फिर से वही कहानी हो गई है। मामूली बारिश के बाद मंडी में पानी भर गया। ऐसा नहीं है कि ये अब से हो रहा है, बल्कि कई सालों से ऐसा चल रहा है। बारिश होते ही मार्केट कमेटी कार्यालय के आसपास चौक पर पानी भर जाता है।
यहां पर पानी निकासी को लेकर ड्रेन बनाए जाने के बाद भी पानी देरी से निकलता है। इसकी वजह पानी निकासी को लेकर बनाई गई ट्रेन के लोहे के मेन जाल हैं, जो गई जगह से टूट गए हैं। बीते दिनों मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारी ने निरीक्षण भी किया था, लेकिन अब भी लोहे के नए जाल नहीं लगाए गए हैं।
कन्या स्कूल वाली गली में भर जाता है पानी
कन्या स्कूल के साथ लगी गली में बारिश का पानी भर जाता है। यहां के दुकानदारों, मकान मालिकों को परेशानी होती है। स्कूल में आने वाली छात्राओं को पानी से होकर गुजरना पड़ता है। स्कूल के सामने से गुजर रही मेन सड़क से गली का लेबल कम होने के चलते यहां पर पानी भरता है। तरसेम गर्ग, सुभाष ने कहा कि बारिश के बाद स्कूल के पास वाली गली में पानी भर जाता है। इसका नए सिरे से निर्माण करने की मांग कई बार कर चुके हैं। नपा चेयरमैन विकास काला ने कहा कि गलियों के टेंडर लगाए जा रहे हैं। मार्केट कमेटी सचिव संदीप कासनिया ने कहा कि मार्केटिंग बोर्ड को इसको लेकर पत्र लिखा गया है। फड़ का लेबल ऊंचा होने के चलते बारिश का पानी सड़क पर भर जाता है।