अध्यापक पात्रता परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर शिक्षा विभाग के से जुड़े सभी अधिकारियों की बैठक लेत?
- फोटो : Jind
जींद। अध्यापक पात्रता परीक्षा की तैयारियों के लिए एडीसी ने मंगलवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। इसमें शुगर मिल के प्रबंधक निदेशक प्रवीन कुमार को परीक्षा का नोडल अधिकारी बनाया गया। यह परीक्षा तीन व चार दिसंबर को आयोजित होगी।
एडीसी ने बताया कि एचटेट परीक्षा को नकल रहित, पारदर्शी व व्यवस्थित तरीके से सम्पन्न करवाने के लिए अधिकारियों की डयूटियां निर्धारित की गई हैं। परीक्षा तीन दिसंबर को सांय 3 बजे से साढ़े 5 बजे तक तथा चार दिसंबर को सुबह 10 बजे से साढ़े 12 व सांय सत्र में 3 बजे से साढ़े 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी का आर्ई स्केन किया जाएगा। बोर्ड की हिदायत अनुसार नेत्रहीन विद्यार्थियों को परीक्षा में 20 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाए। महिलाओं को परीक्षा केंद्र में मंगलसूत्र, मांग सिंदूर तथा बिंदियां लगाने की कोई पाबंधि नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे न केवल लगे होने चाहिए बल्कि प्रत्येक कैमरा चालू हालात में होना चाहिए। सभी परीक्षा केंद्रों पर बायोमैट्रिक हाजिरी तथा जैमर की व्यवस्था रहेगी। इस परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तमाम प्रकार की तैयारियां पूर्ण की जा रही है। उन्होंने परीक्षा को लेकर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के संबंध में भी बताया और कहा कि हर नियम की पालना हर हाल में होनी चाहिए।
एडीसी ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा को नकल रहित करवाने को लेकर सिक्योरिटी में कोई ढिलाई सहन नहीं की जाएगी। इसको लेकर ड्यूटी पूरी मुस्तैदी व जिम्मेवारी के साथ निभाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि सांय के सत्र में परीक्षार्थी 12 बजकर 50 मिनट से दो बजे तक परीक्षा केंद्रों में प्रवेश कर सकते हैं। इसी प्रकार सुबह के सत्र में परीक्षार्थी 9 बजे तक परीक्षा केंद्रों में प्रवेश कर सकेंगे। वह अपने साथ मोबाइल फोन व अन्य किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रोनिक डिवाइस लेकर नहीं जा सकते। परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों के प्रवेश के दौरान वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी।