संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। किन्नर समाज सेवा समिति के सहयोग से अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से रविवार को जयंती देवी मंदिर में प्रदेश स्तरीय मानव सेवा सम्मान समारोह एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इसमें राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा, विधायक डॉ. कृष्ण मिड्ढा और नगर परिषद चेयरपर्सन अनुराधा सैनी तथा विशिष्ट अतिथि डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला, मुख्य अध्यापक बलवान सिंह राठौड़, सीमा महंत, केवल सिंह जुलानी ने शिरकत की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष रिमझिम महंत ने की और संचालन अपना रोटी रथ के संयोजक मुकेश राठौड़ और बिट्टू कंडेला ने किया। शिविर में खून एकत्रित करने के लिए पीजीआई खानपुर की टीम पहुंची। शिविर में 86 युवाओं ने रक्तदान किया। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त खिलाडिय़ों को भारत गौरव अवार्ड से सम्मानित किया, जिसमें अंतरराष्ट्रीय पहलवान कविता दलाल, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी विकास राणा और बॉक्सर एवं मार्शल आर्ट खिलाड़ी सूरज रोहिल्ला पहुंचे।
कार्यक्रम की शुरुआत में राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने रक्तदाताओं को बैज लगाकर की तथा उनका हौसला बढ़ाया। विधायक डॉ. कृष्ण मिड्डा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान एक पुण्य का कार्य है।
जंक्शन, बस अड्डे, मंदिरों में भी लगाए थे सैकड़ों पौधे
अपना रोटी रथ के संयोजक मुकेश राठौड ने कहा कि किन्नर समाज का सम्मान समारोह एवं रक्तदान शिविर शानदार रहा। 86 युवाओं ने रक्तदान कर शिविर में आहुति डालने का काम किया। इससे पहले भी किन्नर समाज ने शहर के जंक्शन, बस अड्डे, श्री जयंती देवी मंदिर सहित अन्य सार्वजनिक जगहों पर त्रिवेणी लगाई और सैंकड़ों पौधे लगाए थे जो कि अब फल-फूल रहे हैं। रविवार को लगाए गए शिविर में एकत्रित हुए खून सड़क दुर्घटनाओं में घायल हुए लोगों के काम आएगा।
आठ मंगलामुखियों ने रक्तदान कर पेश की मिसाल
रक्तदान शिविर में प्रदेश भर के अलावा चंडीगढ़, उत्तरप्रदेश और पंजाब से भी मंगलामुखी पहुंचेे। इस दौरान रूबी महंत चंडीगढ़, काजल महंत बुंदी, सोनू महंत जयपुर, पलक महंत गंगवा, तमन्ना महंत मुरादाबाद, अमन महंत जुलाना, संदीप महंत और मनजीत महंत उचाना ने रक्तदान किया। इस दौरान उनका कहना था कि उन्होंने पहली बार रक्तदान किया है। उनके खून से किसी जरूरतमंद की जिंदगी बच जाएगी। रक्तदान करना पुण्य का काम है। वह आगे भी रक्तदान करते रहेंगे, ताकि किसी घायल और जरूरतमंद की जान बच सके।