फोटो 11जेएनडी15-राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस को लेकर जागरूकता कार्यक्रम में मौजूद स्टाफ और ग्रामी
जींद। हसनपुर गांव के आंगनबाड़ी केंद्र में स्वास्थ्य विभाग की ओर से 12 नवंबर को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें निरीक्षक नरेंद्र ढांडा ने बच्चों और किशोरों को एल्बेंडाजोल की खुराक दिलाने की अपील की।उन्होंने बताया कि अभियान के तहत आशा वर्कर, आंगनबाड़ी वर्कर, हेल्पर और स्वास्थ्य कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर दवा खिलाएंगे। इसके अलावा ईंट-भट्ठों, हैचरियों, निर्माणाधीन सड़कों और गांवों में ठहरे प्रवासी परिवारों के एक से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोरों को भी दवा दी जाएगी। साथ ही 20 से 24 वर्ष आयु वर्ग की उन महिलाओं को भी एल्बेंडाजोल की खुराक दी जाएगी, जो गर्भवती नहीं हैं और बच्चों को स्तनपान नहीं करवा रही हैं। उन्होंने बताया कि एक से दो वर्ष तक के बच्चों को आधी गोली पीसकर चम्मच से खिलाई जाएगी, जबकि दो से तीन वर्ष तक के बच्चों को पूरी गोली पीसकर दी जाएगी। इससे अधिक आयु के लाभार्थियों को पूरी गोली चबाकर खानी होगी। इस दौरान एएनएम अनिता, कर्मचारी कुलदीप, आशा वर्कर मीना और बाला, आंगनबाड़ी वर्कर नन्ही मौजूद रही। संवाद