जींद। सरपंच एसोसिएशन हरियाणा द्वारा 30 मई को जींद में आयोजित महापंचायत में माजरा खाप पंचायत बढ़चढ़ कर भाग लेगी। प्रधान गुरविंदर सिंह संधू व सचिव महेंद्र सिंह सहारण ने कहा कि मनोहर सरकार जानबूझ कर पंचायती ताने-बाने को बिगाड़ने का काम कर रही है। गांव का विकास अवरुद्ध करना चाहती है। पूर्व समय में जो भी कार्य ठेकेदार द्वारा किए गए हैं, उनकी खस्ता हालत है।
खजाने से पैसा भी खर्च हुआ और वो कमीशन के चक्र में विकास भी नहीं करवा सके हैं। ठेकेदार व अफसरशाही पूर्ण तौर पर हावी है। गांव रूपगढ़ के वाटर वर्क्स पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं और किसी भी घर को आज तक पानी नहीं मिल पाया है। खाप के प्रवक्ता समुद्र सिंह फोर ने कहा कि सरकार अपने चहेतों को ठेकेदार बना कर उन्हें मालामाल करना चाहती है। पेमेंट होने बाद किए गए कार्य की कोई जिम्मेदारी ठेकेदार की नहीं रखी गई है जबकि सरपंच उसी गांव का है और उसकी जवाबदेही तय की गई है।