जींद। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की माजरा खाप पंचायत ने कड़ी निंदा की है। खाप प्रधान गुरविंदर सिंधु और महासचिव महेंद्र सिंह सहारण ने कहा कि छात्रों की मांगों को बल प्रयोग से दबाने के बजाय सरकार को संवाद करना चाहिए। उनका कहना था कि युवा शिक्षा प्राप्त करने के बाद रोजगार की उम्मीद रखते हैं और उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि 25 जुलाई को महम चौबीसी खाप चबूतरे पर सर्वजातीय खाप पंचायत की बैठक आयोजित होगी। इसमें विभिन्न खापों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, कलाकार और अन्य समाजसेवी भाग लेंगे। बैठक में समाज में बढ़ती अश्लीलता पर रोक लगाने, जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन को मजबूत करने और अन्य सामाजिक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। खाप पदाधिकारियों ने सरकार से शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा अनियमितताओं के मामलों में सख्त कार्रवाई तथा छात्रों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि पंचायत में पारित प्रस्तावों के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।