खिलाडिय़ों को सम्मानित करते खाप के पदाधिकारी।
- फोटो : Jind
जींद। सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए माजरा खाप की पंचायत रविवार को असरफगढ़ गांव में प्रधान गुरविंदर सिंह संधू की अध्यक्षता में हुई। पंचायत में मृत्यु भोज पर रोक लगाने, विवाह शादी में डीजे पर रोक, नशा खोरी पर रोक लगाने की घोषणा की। इसके अलावा अन्य सामाजिक बुराइयों को खत्म करने का भी बीड़ा उठाया गया। पंचायत में माजरा खाप के गांवों में जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया।
माजरा खाप पंचायत ने प्रधान गुरविंदर सिंह संधू व महासचिव महेंद्र सिंह सहारण ने सरकार को चेताया कि अगर महिला कोच से अश्लील हरकतें करने वाले मंत्री को शीघ्र बर्खास्त नहीं किया तो खाप बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी। इसके बाद खाप पंचायत ने जींद ने मेधावी खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इसमें हैबतपुर निवासी काजल, जुलानी निवासी दिव्या सहारण, जग्गू पहलवान निर्जन, गुरमीत फोर, निशान सिहाग, विनत सिहाग को राष्ट्रीय खेलों में पदक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
माजरा खाप पंचायत जींद के प्रवक्ता समुद्र सिंह फोर ने बताया कि पूर्व प्रधान महेंद्र सिंह रेढाल, पूर्व महासचिव बिजेंद्र सिंह फौजी को भी उत्कृष्ट कार्य करने पर सम्मानित किया गया। इसके अलावा पंचायत ने सरकार से मांग की है कि माजरा खाप पंचायत जींद के निर्माणाधीन चबूतरे के लिए एक करोड़ रुपये की ग्रांट जारी करेे, इसके साथ-साथ पांडु पिंडारा तीर्थ स्थल के विकास के लिए भी प्रस्ताव पारित कर 50 करोड़ रुपये की ग्रांट की मांग की।