21जेएनडी35: छात्रों को संबोधित करते हुए उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा। संवाद
सफीदों। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा प्रतिदिन हरियाणा के विभिन्न संस्थानों में जाकर नशे के विरुद्ध प्रचार प्रसार में जुटे हुए हैं।
इसी कड़ी में उन्होंने महाराजा जस्सा सिंह अहलूवालिया राजकीय औद्योगिक संस्थान खेड़ा खेमावती में 23वां और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में एक दिवसीय 24वां नशे के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने छात्रों को कहा कि एक जागरूक नागरिक के जीवन में नशा विष के समान है। उन्होंने बताया कि 90 प्रतिशत अपराधों की जड़ केवल और केवल नशा है। उन्होंने बताया कि विश्व में प्रति वर्ष नशीले पदार्थों एवं तंबाकू उत्पाद से मरने वाले लोगों की संख्या 70 लाख है जबकि भारत में यह संख्या 17 लाख है। उन्होंने बताया कि किस प्रकार केवल धूम्रपान और तंबाकू मनुष्य के लिए पीड़ादायक है और प्रत्येक चार सैकेंड में एक व्यक्ति की मृत्यु हो रही है। डॉ. वर्मा ने कहा कि विधि अनुसार प्रतिबंधित नशा रखना, सेवन करना, क्रय विक्रय करना, उत्पादन करना और ऐसे कार्य में किसी की सहायता करना पूर्ण रूप से प्रतिबंधित एवं दंडनीय है। नशा मुक्त समाज के लिए हरियाणा सरकार बहुत ही महत्वपूर्ण कार्य भी कर रही है। यदि कोई व्यक्ति नशे का शिकार हो चूका है और नशा छोड़ना चाहता है तो वह नागरिक अस्पताल के नशा मुक्ति केंद्र में निशुल्क उपचार करा सकता है। कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों एवं शिक्षकों ने हृदय पर हाथ रखकर शपथ ली कि वे जीवन में किसी भी प्रकार का नशा नहीं करेंगे और अन्य लोगों को भी नशा न करने के लिए प्रेरित करेंगे। यदि कोई नशे का कारोबार करता है तो इसकी सूचना 9050891508 पर देंगे। इस अवसर पर सुदेश कुमारी, जसबीर सिंह मौजूद थे।