लोगों को नेत्रदान के बारे में जागरूक करते स्वास्थ्य अधिकारी। संवाद।
- फोटो : Jind
जींद। नागरिक अस्पताल के नेत्र विभाग में शुक्रवार को नेत्रदान पखवाड़ा मनाया गया। इसकी अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. मंजू कादियान ने की। इस मौके पर उन्होंने लोगों को नेत्रदान के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बताया कि आठ सितंबर तक नागरिक अस्पताल में नेत्रदान पखवाड़ा मनाया जाएगा।
प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र कादियान ने बताया कि मृत्यु के बाद कोई भी व्यक्ति नेत्रदान कर सकता है। इसके लिए पहले ही संकल्प पत्र दाखिल करना होगा। मृत्यु के बाद किसी भी व्यक्ति की छह से आठ घंटे तक आंखें दान की जा सकती हैं। एक व्यक्ति का आंखें दो लोगों की जिंदगी रोशन कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि हमें नेत्रदान का संकल्प लेना चाहिए तथा अपने सगे संबंधियों को भी ज्यादा से ज्यादा इस बारे में प्रेरित करना चाहिए। एसएमओ डॉ. गोपाल गोयल ने कहा कि नेत्रदान एक पवित्र कार्य है और हमें जीवित रहते नेत्रदान का दृढ़ संकल्प लेना चाहिए। किसी भी दृष्टिहीन व्यक्ति को यह आंखें लगाई जा सकती हैं। वह व्यक्ति इस दुनिया को देख सकता है। मृत्यु के बाद भी व्यक्ति की आंखें जीवित रहती हैं और वह मौत के बाद भी इस सुंदर संसार को देख सकता है।
इस मौके पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नवनीत सिंह, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. वैशाली बुधवार, डॉ. गीतांशु, ओपथेलमिक ऑफिसर भूपेंद्र, दीपक रंगा, भूपेंद्र अहलावत, कार्यालय अधीक्षक कमल चुघ, रामकुमार शर्मा, कप्तान, अमित व सुनील कुमार भी इस मौके पर मौजूद रहे।