उचाना। स्वामित्व योजना के तहत लाल डोरा प्रॉपर्टी धारक स्वयं अपनी संपत्ति का डाटा सत्यापित करने और त्रुटि के निवारण हेतु 31 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। एसडीएम गुलजार मलिक ने बताया कि स्वामित्व योजना हरियाणा सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके तहत लाल डोरा प्रॉपर्टी धारकों को उनके जमीन का मालिकाना हक दिया जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को शहरी क्षेत्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वामित्व योजना चलाई गई है। इसके तहत गांव के उन लोगों को उनकी जमीन का मालिकाना हक दिया जा रहा है, जिनकी जमीन किसी भी सरकारी आंकड़े में दर्ज नहीं है।
उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए सरकार ने ड्रोन के माध्यम से गांव की मैपिंग करके सभी गांव में दावे व आपत्तियां भी मांगी थी। इस रिकॉर्ड को आधुनिक तरीके से डिजिटलाइज भी किया जा रहा है। सरकार ने ऐसे नागरिकों को अब फिर से त्रुटि के निवारण का मौका दिया है। प्रदेश के सभी लाल डोरा के अंदर आने वाले प्रोपर्टी धारकों के लिए 31 दिसंबर तक एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। पोर्टल पर संपत्ति का डाटा स्वयं सत्यापित करने व त्रुटि के निवारण के आवेदन कर सकते हैं। अगर किसी नागरिक को लाल डोरा स्थित उनके मकान का संपत्ति कार्ड नहीं मिला है अथवा पोर्टल पर विवरण उपलब्ध नहीं है, तो अपना नाम, मोबाइल अथवा फोन नंबर, पूर्ण पता विवरण सहित पर ईमेल कर सकता है।