दनौदा गांव के ऐतिहासिक चबूतरे पर कई सामाजिक मुद्दों पर हुई चर्चा
खाप पदाधिकारियों ने बैठक में लिया पौधरोपण करने का प्रण
संवाद न्यूज एजेंसी
नरवाना। दनौदा कलां गांव में 28 जुलाई को होने वाले राष्ट्र स्तर के सर्वजातीय सर्वखाप के महासम्मेलन को लेकर मंगलवार को चबूतरे पर सर्वजातीय बिनैण खाप की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता खाप प्रधान रघुवीर नैन ने की। बैठक में खाप के सभी पदाधिकारियों ने महासम्मेलन को लेकर सहमति जताई तथा कहा कि खाप के सभी सदस्य एकजुट होकर इस सम्मेलन को कामयाब करेंगे। इस दौरान लव मैरिज, लिव इन रिलेशनशिप और गांव के नजदीक लगते गांव शामली में विवाह जैसी कुरीतियां समाज में आ चुकी हैं, इनको लेकर अपनी पुरानी संस्कृति दोबारा से जीवंत करने के बारे में विचार किया गया।
बिनैन खाप के प्रधान रघुवीर नैन ने कहा कि समाज में आजकल बहुत ज्यादा विकृतियां आ चुकी है। बच्चे भटककर लव मैरिज तो कर लेते हैं, लेकिन बाद में उसका खामियाजा भुगतना पड़ता है। यदि लव मैरिज में मां-बाप की सहमति हो तो उसमें ज्यादा दिक्कत नहीं आएगी। उन्होंने सरकार से मांग की कि लिव इन रिलेशनशिप कानून को भी खत्म किया जाए। उन्होंने बताया कि 28 जुलाई को पूरे भारत की सर्वजातीय सर्वखाप बिनैण खाप के चबूतरे पर इकट्ठी होगी। इसमें समाज के जो मुद्दे हैं उन पर आम सहमति बनाई जाएगी। इस अवसर पर उपप्रधान भगतराम, धमतान तपा प्रधान प्रीतम, कालवन तपा प्रधान फ कीर चंद, प्रवक्ता पप्पू शर्मा, रंगीराम, रघुबीर, ईश्वर नैन, मा. मेहर सिंह, सत्यवान नैन, पुरुषोत्तम, बलवान नैन मौजूद रहे।
पौधरोपण करेंगे खाप पदाधिकारी
बैठक में इस बात पर भी विचार किया गया कि बिनैन खाप गांव में प्रत्येक घर से पेड़ लगाने का काम करवाएगी। खाप के पदाधिकारी, तीनों तपों के प्रधान व प्रवक्ता तथा खाप के सदस्य सभी को पौधरोपण करके देश में एक संदेश देने का काम करेंगे। इस दौराना त्रिवेणी भी लगाई। रघुवीर नैन ने कहा कि देश में जितनी खाप हैं सभी को निमंत्रण देंगे। सम्मेलन में हिंदू कानून मैरिज एक्ट में बदलाव की मांग की जाएगी।
16जेएनडी29-दनौदा चबूतरे पर आयोजित बैठक में मौजूद पदाधिकारी। संवाद