उचाना। कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को करवा चौथ का पर्व मनाया जाता है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु के लिए निर्जला व्रत रखकर शाम को शिव-पार्वती, कार्तिकेय समेत अन्य देवताओं तथा चांद की पूजा करती हैं। करवा चौथ को देखते हुए महिलाओं में काफी उत्साह है तथा बाजारों में रौनक बढ़ गई है। बाजार में मिट्टी व चीनी के करवा की मांग बढ़ गई है। यह करवा 20 रुपये से लेकर 50 रुपये तक में मिल रहा है।
इस बार करवा चौथ का व्रत रविवार को है। महिलाओं की इसको लेकर तैयारी जोरों पर हैं। बाजार में भीड़भाड़ होने से दुकानदारों के चेहरे पर मुस्कान दिखाई दे रही है। कपड़ों व कास्मेटिक की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है। दुकानदारों ने हर रेंज के सूट, साड़ियां महिलाओं के लिए सजा कर रखी हैं। कास्मेटिक की दुकानों में शृंगार से जुड़े सामान मेहंदी, चूड़ी आदि खरीदने के लिए महिलाओं की भीड़ दिखाई पड़ रही है। साथ ही कस्बा के ब्यूटी पॉर्लर में अपने आपको निखारने के लिए महिलाओं की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिल रही है। मिट्टी के बने करवा, पूजन सामग्री की दुकानें भी सजी गई हैं। मिट्टी के करवा 20 से 50 रुपये तक बिक रहे हैं।
आज मेहंदी के लिए सजेंगे बाजार
रविवार को करवा चौथ को देखते हुए शनिवार को ही बाजार में मेहंदी लगाने वालों तथा मेहंदी लगवाने आने वाली महिलाओं की संख्या बढ़ जाएगी। बाजार में कई प्रकार की मेहंदी लगाई जाती है। इसकी कीमत 100 रुपये से लेकर 1100 रुपये तक है। काफी लोग केवल मेहंदी लगाने के लिए फुटपाथ पर भी बैठ जाते हैं। इसके अलावा कई दुकानदार अपनी दुकानों के अंदर ही मेहंदी लगाने वाली महिलाओं को बुलवा लेते हैं।