जींद। अमरेहड़ी गांव में दुकान को आग लगाने के आरोपी 17 वर्षीय किशोर को सदर थाना पुलिस ने पकड़कर बाल सुधार गृह अंबाला भेज दिया है।
18 जून को सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव अमरेहड़ी निवासी सूरजभान ने कहा कि 17 जून की रात को करीब 10 बजे दुकान बंद करके वह घर चला गया। रात 2 बजे दुकान के पड़ोसी उनके घर आए और बताया कि उनकी दुकान में आग लगी है। वह और उनका परिवार मौके पर पहुंचा, तो देखा कि दुकान जल रही थी। आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाई। खेत के पीछे की तरफ दुकान का दरवाजा आधा जला हुआ था। वहीं दुकान के कैमरे तोड़े गए थे। दुकान में एलईडी, बेड, कूलर, फ्रिज, फर्राटा, छत के दो पंखे, एक मोनोब्लॉक मोटर, जरूरी कागजात, बेड में रखे 80 हजार रुपये व अन्य किराना का सामान जला हुआ था। पुलिस ने दुकान मालिक की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी थी। एचसी विजय कुमार ने बताया कि जांच में शहर की एक कॉलोनी के रहने वाले 17 वर्षीय किशोर का नाम सामने आया था। उसको पकड़कर बाल सुधार गृह अंबाला भेज दिया गया है।