पुरानी अनाज मंडी में जजपा की रैली का आयोजन किया गया। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि देश के गृहमंत्री अमित शाह कहते हैं कि पांच साल में भाजपा ने बहुत कुछ दिया, लेकिन असलियत में कोई भी काम प्रदेश में नहीं हुआ। पांच साल में भाजपा ने जींद-रोहतक मार्ग नहीं बनवाया। पांच साल में जुलाना में 25 मर्डर हो गए। आवारा पशुओं का कोई इलाज नहीं हो पाया। यहां न ही दुकानदार सुरक्षित हैं और न ही थानों में पुलिस। किसान खेतों में पानी लगाने के लिए कम और आवारा पशुओं से फसल को बचाने के लिए ज्यादा मेहनत करते हैं। न खर्ची और न पर्ची की बात करने वाली भाजपा में खर्ची और पर्ची के साथ पूरी मर्जी चलती है। किसानों की आय पांच साल में दोगुनी करने के सभी दावे खोखले साबित हो रहे हैं। प्रदेश में जजपा की सरकार बनने पर गुंडों और सांड़ों से छुटकारा दिलाया जाएगा। इस मौके पर जजपा प्रत्याशी अमरजीत ढांडा, कृष्ण राठी, मांगेराम गुप्ता, राजकुमार गौतम, सूरजभान काजल, प्रताप लाठर, सुरजीत मलिक, धर्मबीर सिहाग व आनंद लाठर भी मौजूद रहे।