जुलाना में एलआईसी एजेंट से मांगी पांच लाख रुपये की रंगदारी
गेट पर नोटिस चिपकाकर दी जान से मारने की धमकी, पुलिस को दी शिकायत
जुलाना: कस्बे के वार्ड 13 में एक एलआईसी एजेंट को किसी अज्ञात बदमाश ने पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। बदमाश ने गेट के बाहर नोटिस चिपकाया है और तीन दिन में पांच लाख रुपये नही देने पर उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई है। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
वार्ड 13 निवासी एलआईसी एजेंट काम सिंह ने बताया कि वह आरएमपी चिकित्सक के साथ साथ एलआईसी का एजेंट भी है। वार्ड 13 में ही उसका निवास स्थान है और दुकान भी उसके आगे ही है। शनिवार को रात को वो दुकान को बंद करके गया था, लेकिन रविवार सुबह जैसे ही उसने अपनी दुकान को खोला तो गेट पर एक धमकी भरा नोटिस चिपकाया गया है, जिसमें लिखा गया है कि तीन दिन में घर खाली कर दो और पांच लाख रुपये दो। अगर नही दिए तो उसके बेटे सोनू को गोली मार दी जाएगी। काम सिंह ने इसकी शिकायत डायल 112 पर दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुटी हुई है। काम सिंह ने पुलिस को शिकायत देकर सुरक्षा की मांग की है।