जींद। बेटी की शादी के टीका की रस्म पूरी कर कैथल जिले के सिणद गांव से वापस लौट रहे नगूरां गांव निवासी होशियार सिंह की गांव चांदपुर के पास सड़क हादसे में मौत हो गई और उसका भतीजा घायल हो गया। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हाेशियार सिंह की बेटी अंजलि की शादी होनी है।
नगूरां निवासी बलजीत ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह खेती बाड़ी का काम करता है। वीरवार को दोपहर बाद वह अपने चाचा होशियार सिंह के साथ बाइक पर कैथल जिले के गांव सिणद में चाचा की लड़की अंजलि का टीका रस्म करने के लिए गए थे। वहां से टीका की रस्म पूरी करके वापस अपने गांव नगूरां के लिए चल पड़े। बाइक उसका चाचा होशियार सिंह चला रहा था। वीरवार देर शाम लगभग 7 बजे जब वह गांव चांदपुर के पास पहुंचे, तो सामने से आल्टो कार चालक तेज रफ्तार व लापरवाही से चलाता हुआ आया और गाड़ी की सीधी टक्कर उनकी मोटरसाइकिल में मार दी। जिससे वे दोनों मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर गए। इसमें उसके चाचा की मौत हो गई। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।