जींद। रास्ता पूछने के बहाने नशीला पदार्थ सुंघाकर सोने के गहने चुराने के आरोप में पुलिस ने अज्ञात बाबा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में खरकभूरा गांव निवासी 30 वर्षीय मंजू रानी ने कहा कि वह 29 जुलाई को किसी काम से बिशनपुरा गांव में गई थी। जब वह वापस घर आ रही थी तो रास्ते में बिशनपुरा गांव के पास एक अज्ञात बाबा ने उससे रास्ता पूछा। जब वह बाबा को रास्ता बताने लगी तो उसने उसे नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद बाबा ने उसके गले से सोने की चेन, सोने की अंगूठी व अन्य सामान निकल कर भाग गया। महिला ने इसकी शिकायत सदर थाना पुलिस को दी। जांच अधिकारी एएसआई वजीर सिंह ने कहा कि महिला की शिकायत पर अज्ञात बाबा के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।