भूराण गांव में वीरवार शाम को हुई बारिश से एक व्यक्ति का मकान गिर गया। मकान मालिक इंद्र के घर का सामान मिट्टी के नीचे दब गया। गनीमत रही कि उस समय इंद्र सिंह की पत्नी मकान के बाहर गली में खड़े बच्चों को बुलाने के लिए निकली हुई थी । जैसे ही वह घर से बाहर गई मकान धड़ाम से गिर गया। यदि उस समय इंद्र का परिवार वहां पर मौजूद होता तो बड़ा हादसा हो सकता था । इंद्र ने कहा कि वह मजदूरी करता है। वह जब रात में घर पर लौटा तो देखा की उसका मकान गिर गया है। सारा सामान मिट्टी के नीचे दब चुका था। इंद्र ने बताया कि अब तो उसके पास रात में सोने के लिए जगह तक नहीं बची है । उसने बताया कि पूरे परिवार ने जागकर रात काटी है। इंद्र सिंह ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।