युवक की हत्या के मामले में नागरिक अस्पताल में चल रही पंचायत।
- फोटो : Amar Ujala
रूपगढ़ निवासी 19 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन नामजद व सात अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं आज युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस ने नंदगढ़ गांव निवासी आशीष, अजय व शर्मा नगर जींद निवासी बादल के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी के लिए बुधवार दोपहर बाद एक छात्रा कॉलेज से अपने घर जा रही थी। इसी दौरान कुछ बदमाशों ने लड़की के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। इस पर लड़की ने अपने भाई को फोन कर दिया । भाई चंडीगढ़ में था तो उसने अपने दोस्तों को मौके पर भेजा। इस दौरान दोस्त के कहने पर 19 वर्षीय नवीन भी वहां पहुंच गया। लड़की के साथ हो रही छेड़छाड़ का विरोध करने पर दोनों गुटों में झगड़ा शुरू हो गया। इसमें नवीन की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने वीरवार सुबह लड़की के भाई के बयान पर तीन नामजद व सात अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने किया शव उठाने से मना
नवीन के परिजनों ने वीरवार को यह कहते हुए शव उठाने से मना कर दिया कि उन्हें आश्वस्त किया जाए कि आरोपियों की गिरफ्तारी हो गई है। इसके लिए झगड़े में शामिल एक युवक अमन को बुलाया गया, जो आरोपियों की सीआईए थाना में पहचान करेगा। इसके बाद ही परिजन शव उठाएंगे।