राज्य सतर्कता ब्यूरो ने बिजली मीटर बदलने की एवज में बिजली निगम के जेई कम फोरमैन को दस हजार रुपये रिश्वत लेते काबू किया है। ब्यूरो ने फोरमैन के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
अलेवा गांव निवासी जयभगवान ने राज्य सतर्कता ब्यूरो को दी शिकायत में बताया था कि उसने घरेलू बिजली मीटर के लिए आवेदन किया था। निगम ने उसके नाम के मीटर को दूसरे उपभोक्ता को लगा दिया। इस पर उसने बिजली निगम के जेई कम फोरमैन श्रीभगवान से मीटर बदलने के लिए कहा तो श्रीभगवान ने दस हजार रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायत के आधार पर कार्रवाई के लिए टीम का गठन किया गया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर तहसीलदार अजय सैनी को नियुक्त किया जबकि टीम की कमान निरीक्षक मनीष कुमार को सौंपी गई। टीम में सब इंस्पेक्टर बलजीत, एएसआई कमलजीत, सिपाही संजय तथा सोनू को शामिल किया गया। टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट से हस्ताक्षर और पाउडर लगा कर 500-500 रुपये के 20 नोट शिकायतकर्ता को थमा दिए। मंगलवार दोपहर को दो बजे शिकायतकर्ता ने फोरमैन श्रीभगवान से संपर्क साधा तो उसने कार्यालय आने के लिए कहा। शिकायतकर्ता ने जैसे ही कार्यालय में श्रीभगवान को रिश्वत की राशि थमाई तो इशारा मिलते ही विजिलेंस टीम ने उसे काबू कर लिया और उस से रिश्वत ली गई राशि को बरामद कर ली। हाथ धुलवाए जाने पर हाथों का रंग लाल हो गया। ब्यूरो ने जेई कम फोरमैन श्रीभगवान के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
मीटर बदलने के नाम पर दस हजार रुपये रिश्वत लेते बिजली निगम अलेवा के जेई कम फोरमैन श्रीभगवान को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। विजिलेंस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
-निरीक्षक मनीष कुमार, राज्य सतर्कता ब्यूरो।