जींद। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी विजय लक्ष्मी के साथ मंगलवार को कार्यालय में बैठक हुई। बैठक के दौरान छात्तर स्कूल के जेबीटी टीचर्स को बहाल करवाने, जेबीटी से टीजीटी पदोन्नति मामले, पेंडिंग एसीपी मामले, पेंडिंग मेडिकल मामले, अध्यापकों के एलटीसी मामले व बजट, पेंडिंग जीपीएफ मामले, गुम हुई पर्सनल फाइलों के बारे, बजट, बिजली बिलों की राशि, 2008 व 2011 के टीचर्स के मूल प्रमाणपत्र वापस करने, मिड-डे मील की समस्याओं, बीएलओ ड्यूटी अध्यापकों की जगह आंगनबाड़ी वर्कर्स की लगाने, 2007 में पदोन्नत भाषा अध्यापकों को एसीपी का लाभ देने, गेस्ट टीचर्स की एलटीसी सेक्शन करने, स्कूलों में सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था करने, ड्यूल डेस्क व स्कूलों की अन्य समस्याओं बारे विस्तार से चर्चा हुई। इस जौरान जेबीटी अध्यापक को बहाल करने पर सहमति बन गई है।
मीटिंग में इस बारे अधिकारी ने बताया कि स्कूल व छात्र हित में टीचर्स को बहाल कर दिया जाएगा। इस बारे जल्द निर्देश जारी कर दिए जाएंगे। एसीपी मामले अधिकतर निपटा दिए गए हैं जो पेंडिंग हैं उनका भी जल्द से जल्द निपटारा कर दिया जाएगा। जेबीटी की एसीपी में नंबरों की अनावश्यक शर्त लगाने पर भी एतराज जताया गया। इसके अलावा मेडिकल व जीपीएफ मामलों में पेंडेंसी समाप्त करने व पर्सनल फाइलें निदेशालय से जल्द मंगवाने, मूल प्रमाणपत्र अध्यापकों को लौटाने बारे जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने सहमति जताई और कहा जैसे ही इस बारे रिकॉर्ड उपलब्ध होगा, सभी सर्टिफिकेट लौटा दिए जाएंगे। मेडिकल मामलों में आश्रित बच्चों का इनकम सर्टिफिकेट नहीं मांगा जाएगा। पेंडिंग एलटीसी मामले सेक्शन कर दिए जाएंगे और बजट आते ही डाल दिया जाएगा। इस अवसर पर जिला कोषाध्यक्ष रोहताश, परमात्मा प्रसाद, रोहताश आसन, मोहनलाल,अमरजीत, शमशेर बूरा, बशीर अहमद मौजूद रहे।