नरवाना। शिक्षा भारती मॉडल स्कूल के छात्र जतिन तंवर ने क्रिकेट के क्षेत्र में शानदार उपलब्धि हासिल की है। जतिन का अंडर-16 वर्ग में हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन (एचसीए) की ओर से आयोजित विजय मर्चेंट ट्रॉफी के लिए तैयारी शिविर में चयन हुआ है। स्कूल परिवार में खुशी का माहौल है। जतिन तंवर ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास के दम पर यह उपलब्धि हासिल की। स्कूल प्रबंधन ने जतिन के चयन को विद्यालय और क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताया। प्रधानाचार्य अनिल चहल ने जतिन को बधाई देते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में विद्यार्थियों की उपलब्धियां उनकी मेहनत और लगन का परिणाम हैं। चेयरमैन प्रवीण ने कहा कि जतिन का चयन उसकी प्रतिभा और निरंतर अभ्यास का प्रमाण है। उप-प्रधानाचार्या शिल्पा और सचिव सुनील कुमार ने भी जतिन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उसकी सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। विद्यालय परिवार ने जतिन और उसके परिवार को शुभकामनाएं दीं।