जींद। सर्वजातीय खाप पंचायत के राष्ट्रीय संयोजक व भारतीय किसान मजदूर यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष टेकराम कंडेला ने कहा कि वह लंबे समय से किसानों के मुद्दे जैसे स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करवाना, फसलों पर एमएसपी की गारंटी दिलवाना, मनरेगा स्कीम को कृषि के साथ जोड़ना, प्राकृतिक खेती व मोटी खेती को बढ़ावा देना, किसान सम्मन निधि को बढ़वाना, हिंदू मैरिज एक्ट में बदलाव, लिव इन रिलेशनशिप कानून खत्म करना, नशे को रोकना आदि के मुद्दे उठा रहे हैं। इन्ही मुद्दों को लेकर सर्वखाप जन कल्याण मंच व किसान संगठन की बैठक कंडेला के राष्ट्रीय मुख्यालय पर 21 अप्रैल को होगी। इसमें सभी पार्टियों के घोषणा पत्र पर चर्चा करने के साथ लोकसभा चुनाव को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा। टेकराम कंडेला ने कहा कि राजनीति करना उनके लिए जनसेवा का माध्यम है। जिला जींद हमेशा राजनीति का केंद्र बिंदु रहा है। यहां पर सभी राजनीतिक दलों ने अपना स्वार्थ सिद्ध किया है और लोगों को गुमराह किया है। जिला जींद संघर्ष की धरती रहा है, परंतु यह विकास व रोजगार की दृष्टि से पिछड़ा हुआ है। केंद्र सरकार को चाहिए कि जींद में एक औद्योगिक कारखाना स्थापित कर उसमें कम से कम 25 हजार युवाओं को रोजगार दिया जाय। 21 अप्रैल को होने वाली बैठक के लिए हरियाणा के सभी जिलों व राजस्थान, दिल्ली, पंजाब राज्यों में पत्रकार वार्ता करेंगे, ताकि संगठनों को और मजबूत बनाया जा सके। इस अवसर पर हरियाणा किसान यूनियन प्रधान हजूरा सिंह, सर्वजातीय कंडेला खाप महासचिव रामदिया नंबरदार, अभेराम कंडेला, राकेश तलोडा, छज्जूराम, बेदू कंडेला, बीरा दालमवाला, अजमेर दालमवाला, ईश्वर दत्ता, रामकिशन मौजूद रहे।