जींद। हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि हरियाणा में कानून व्यवस्था का पूरी तरह से चौपट हो चुकी है। प्रदेश में हर रोज व्यापारी व आम जनता के साथ लूटपाट, फिरौती, अपहरण, हत्या व चोरी की वारदात हो रही है, जिसके कारण व्यापारी व आम जनता में भय का माहौल है। बजरंग गर्ग शनिवार को निजी होटल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। कहा कि हरियाणा में व्यापारी, उद्योगपति ना घर, न दुकान, न सड़कों पर सुरक्षित हैं। सरकार को व्यापारी व आम जनता की जान माल की सुरक्षा के लिए कठोर से कठोर कदम उठाने की जरूरत है। सरकार अपराध खत्म करने के लिए अपराधियों को चीरा लगाकर पक्का इलाज करना चाहिए। अपराधियों में पुलिस का कोई डर तक नहीं है और अपराधी खुलेआम भय मुक्त होकर अपराध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को जींद में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए इंडस्ट्रियल जोन बनाना चाहिए। जींद में सरकार को ट्रांसपोर्ट नगर व ऑटो मार्केट बनानी चाहिए ताकि व्यापार व उद्योगों को बढ़ावा मिल सके। इस अवसर पर व्यापार मंडल जिला प्रधान महावीर कंप्यूटर, वैश्य समाज जिला प्रधान ईश्वर गोयल, व्यापार मंडल प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार गोयल, वैश्य समाज युवा प्रधान नीरज गोयल, शहरी प्रधान ईश्वर बंसल, सचिव सुरेश गर्ग, सचिव बी एस गर्ग, महासचिव सुरेश जिंदल, अनिल बंसल मौजूद थे।