जींद। एक तरफ शिक्षा निदेशालय स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए अध्यापकों को आए दिन निर्देश देकर सख्ती बरत रहा है तो दूसरी तरफ सरकारी स्कूलों के अध्यापकों को बीते वर्ष का लक्ष्य पूरा करने में पसीना छूट रहा है। अब तक बीते वर्ष की अपेक्षा जिले के सरकारी स्कूलों में पांचवीं कक्षा तक 4887 विद्यार्थियों के कम दाखिले हुए हैं। गमी की छुट्टियों से पहले बीते वर्ष का लक्ष्य पूरा करने के लिए अब निदेशालय ने अध्यापकों को निर्देश दिए हैं।
पिछले साल बाल वाटिका से लेकर पांचवीं कक्षा तक विद्यार्थियों की संख्या 42351 थी। इसके विपरीत इस साल अब तक 37464 विद्यार्थियों के ही दाखिले हो पाए हैं। पिछले साल की अपेक्षा इस वर्ष 4887 विद्यार्थी सरकारी स्कूलों में कम पहुंचे हैं। एक मई से लेकर 17 मई तक जिलेभर में 806 नए दाखिले हुए हैं। पिछले साल बाल वाटिका से लेकर पांचवीं कक्षा तक उचाना ब्लॉक में 7683, पिल्लूखेड़ा खंड में 2582, जींद खंड में 8794, नरवाना खंड में 9271, अलेवा में 3263, सफीदों में 6129 व जुलाना में 4629 छात्र संख्या थी। इस साल 17 मई तक उचाना खंड में छात्र संख्या 6785, पिल्लूखेड़ा में 2281, जींद में 7682, नरवाना में 8292, अलेवा में 2860, सफीदों में 5325 व जुलाना में 4239 छात्र संख्या हैं।
पिछले दो वर्ष से लगातार घट रही विद्यार्थियों की संख्या
वर्ष 2022-23 में जिले के राजकीय स्कूलों में 130901 विद्यार्थी थे। इसके बाद 2023-24 में छात्र संख्या घटकर 107884 विद्यार्थी रह गए। ऐसे में अप्रैल में शिक्षा विभाग के महानिदेशक ने अधिकारियों की ऑनलाइन मीटिंग लेकर दाखिला बढ़ाने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद राजकीय स्कूलों के शिक्षकों ने डोर टू डोर अभियान चलाकर विद्यार्थी संख्या बढ़ाने का प्रयास किया, पर बीते वर्ष के मुकाबले विद्यार्थियों की संख्या पूरी भी नहीं कर पाए।
विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए किया जा रहा प्रयास
बीते वर्ष की अपेक्षा इस बार सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या काफी कम है। इसको बढ़ाने के लिए अध्यापक लगातार प्रयासरत हैं, जिसके तहत सरकारी स्कूलों में मिलने वाली सुविधाओं व बेहतर परिणाम की जानकारी दी जा रही है। गर्मी की छुट्टी होने से पहले बीते वर्ष के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अध्यापक प्रयासरत हैं। -डॉ. सुभाष वर्मा जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी जींद।
18जेएनडी19: जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का फोटो। संवाद