मांगों को लेकर धरना देते शिक्षक।
- फोटो : bureau
यूजीसी पे स्केल सहित कुल 11 मांगों को लेकर राजकीय और निजी कॉलेजों के सभी नियमित शिक्षक बुधवार को हड़ताल पर रहे। शिक्षकों ने मांगों को लेकर कॉलेजों में धरना दिया और मानव संसाधन विकास मंत्री के नाम ज्ञापन भेजा। हालांकि इस दौरान राजकीय महिला महाविद्यालय में कक्षाएं नियमित रूप से चली और यहां शिक्षकों ने हड़ताल नहीं की। धरना दे रहे शिक्षकों ने बताया कि 11 मांगों को लेकर देश भर में हड़ताल की जा रही है। इसमें यूजीसी के अनुसार सातवां वेतन आयोग लागू किया जाए। सेमेस्टर व्यवस्था समाप्त की जाए। नई पेंशन योजना 2014 पूर्ण रूप से समाप्त की जाए और पुरानी पेंशन योजना बहाला की जाए। यूजीसी के मापदंडों के अनुसार कॉलेज और विश्वविद्यलयों में खाली सीटों को स्थायी नियुक्ति के आधार पर भरा जाए। उच्चतर शिक्षा में किसी प्रकार के बजट की कटौती नहीं की जाए। शिक्षक संगठनों और शिक्षकों के साथ बातचीत के बाद ही शिक्षा नीति बनाई जाए। गौरतलब है कि राजकीय कॉलेज में 30 नियमित व 80 एक्सटेंशन शिक्षक हैं। ऐसे में बुधवार को एक्टेंशन शिक्षकों ने ही कक्षाएं ली। धरने पर राजकीय कॉलेज में प्राचार्य आरएस हुड्डा, डॉ. रजनीश बहल, डॉ. रणबीर कौशल, डॉ. वीणा बहल व मंजू रेढू सहित काफी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।