06जेएनडी05: एसडीएम को ज्ञापन सौंपते इनसो के जिला प्रधान दीपक देशवाल व अन्य छात्र।
एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, कहा-इस वर्ष करवाए जाएं छात्र संघ चुनाव
संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। प्रदेश भर के कॉलेजों व विश्वविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर इनसो की जिला कार्यकारिणी ने प्रधान दीपक देशवाल की अध्यक्षता में एसडीएम डॉ. पंकज को ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने प्रदेश सरकार से छात्र संघ चुनाव करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा व जजपा गठबंधन की सरकार है। यह सरकार छात्रों की मांगों की अनदेखी कर रही है जिसके चलते वे पिछले कई वर्षों से आंदोलन की राह पर हैं।
इनसो के जिला प्रधान दीपक देशवाल ने बताया की इनसो ने छात्र संघ चुनाव के विषय को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि इनसो ने लंबा संघर्ष करके प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव की बहाली करवाई थी और उस समय सरकार ने विद्यार्थियों से वादा किया था कि प्रत्यक्ष रूप से चुनाव करवाए जाएंगे, लेकिन कोरोना काल के दौरान काफी समय तक शिक्षण संस्थान प्रभावित रहे। अब इनसो चुनाव करवाने की मांग सरकार से करती है। कहा कि सरकार को इसी वर्ष में छात्र संघ चुनाव करवाने चाहिए। इस अवसर पर गोलू नगूरां, बजरंग जांगड़ा, अजय बरसोला, आशीष पड़ाना, अंकुश रधाना व मनीष किनाना मौजूद रहे।