जींद। जिले की सभी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में (आईटीआई) में छह काउंसिलिंग के बाद भी सीटें खाली बची हुई हैं। इनको भरने के लिए कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग एक बार फिर विद्यार्थियों को दाखिले का अवसर दे रहा है। इसके लिए नए शेड्यूल के अनुसार 17 अक्तूबर को जिले की आईटीआई कमेटी द्वारा पोर्टल पर खाली सीटों की जानकारी अपलोड की जाएगी।
इसके बाद दाखिले के लिए इच्छुक विद्यार्थियों से 19 से लेकर 29 अक्तूबर तक आवेदन लिए जाएंगे। विद्यार्थियों के आवेदन के आधार पर आईटीआई में दाखिला कमेटी द्वारा मेरिट लिस्ट बनाई जाएगी। 30 अक्तूबर को विद्यार्थी पोर्टल से मेरिट कार्ड अपलोड कर आईटीआई में जमा कर दाखिला ले सकते हैं। खाली सीटों को भरने के लिए कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग द्वारा छठी काउंसिलिंग में फिजिकल काउंसिलिंग के तहत दाखिला प्रक्रिया अपनाई गई, लेकिन इसके बाद भी सीटे खाली बची हैं। अब विभाग द्वारा सातवीं काउंसिलिंग में ऑन द स्पॉट प्रक्रिया के तहत दाखिले किए जाएंगे।
जानें...कहां-कितनी सीटें हैं रिक्त
जिले की आठ राजकीय आईटीआई में विभिन्न ट्रेडों में 2500 से अधिक सीटें हैं। इसमें से जींद की राजकीय आईटीआई में 22 ट्रेड में 872 सीट व महिला विंग में सात ट्रेड में 272 सीट हैं। इसके अलावा नरवाना की राजकीय आईटीआई में 21 ट्रेड में 820 सीट, जुलाना आईटीआई में नौ ट्रेड में 212 सीट, खेड़ा खेमावती में तीन ट्रेड में 64 सीट, मुआना आईटीआई में तीन ट्रेड में 88 सीट, उचाना खुर्द में चार ट्रेड में 152 सीट व डूमरखां राजकीय आईटीआई में आठ ट्रेड में 216 सीट हैं। इसके अलावा जिले की 12 से अधिक निजी आईटीआई में भी 2500 से ज्यादा सीटे रिक्त हैं।
कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग द्वारा सातवीं काउंसलिंग के लिए शेड्यूल जारी किया गया है। 17 को पोर्टल पर खाली सीटों की जानकारी अपलोड की जाएगी। वहीं दाखिले के लिए इच्छुक विद्यार्थियों से 19 से 29 अक्तूबर तक आवेदन लिए जाएंगे। 30 अक्तूबर से फि जिकल काउंसिलिंग के तहत दाखिले लिए जाएंगे।
-अनिल कुमार गोयल, प्राचार्य, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, जींद।