पेगां गांव में पंचायती जमीन से कब्जा हटवाने की कार्रवाई के दौरान अमले की मौजूदगी में कब्जाधारी ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। जिसमें वह बेसुध हो गया और जहां से इलाज के लिए अलेवा पीएचसी में दाखिल करवाया गया। किसान की गंभीर हालात को देखते हुए चिकित्सकों ने नागरिक अस्पताल में रेफर कर दिया। गांव पेगां निवासी सुखविंद्र ने लगभग पांच एकड़ पंचायती जमीन पर कब्जा किया हुआ है जिसमें वह फसल को काश्त कर रहा है। पंचायती जमीन की बोली नहीं हुई थी। मंगलवार को नायब तहसीलदार रासविंद्र ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर गांव पेगां भेजा गया। कब्जा कार्रवाई के दौरान बीडीपीओ अलेवा, अलेवा थाना प्रभारी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अमला जब पंचायती जमीन को कब्जा मुक्त करवाने की कार्रवाई कर रहा था तो उसी दौरान सुखविंद्र ने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। जिस पर अमले द्वारा सुखविंद्र को पीएचसी अलेवा ले जाया गया जहां उसे प्राथमिक उपचार देकर रेफर कर दिया गया। सुखविंद्र की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही हैं। सूचना मिलते ही डीएसपी नरसिंह पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंच गए। वहीं प्रशासन ने जमीन को कब्जा मुक्त करवा लिया है। घटना के बाद से पुलिस लगातार हालातों पर नजर बनाए हुए है।
पंचायती जमीन को कब्जा मुक्त करवाने के लिए अमला पहुंचा था। कब्जाधारी ने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। जिस पर उसे पीएचसी में प्राथमिक उपचार देकर रेफर कर दिया गया है। व्यक्ति की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-बीरबल सिंह, थाना प्रभारी, अलेवा।