सीएम फ्लाइंग द्वारा मारे गए छापे में पकड़े गए खाद के कट्टे। संवाद
- फोटो : Jind
जींद। सफीदों की नई अनाज मंडी में मंगलवार देर शाम को मुख्यमंत्री उड़ाका दल ने एक ट्रेडिंग कंपनी पर छापा मारा। इस दौरान ट्रेडिंग कंपनी में 330 बैग खाद का अवैध भंडारण पाया गया। ट्रेडिंग कंपनी मालिक के पास इसका कोई ठोस दस्तावेज नहीं मिला। कृषि विभाग के एसडीओ ने इसकी शिकायत शहर थाना सफीदों पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुख्यमंत्री उड़ाका दल को सूचना मिली थी कि नई अनाज मंडी सफीदों की दुकान नंबर 148 में खाद का अवैध भंडारण किया गया है। इसमें गेहूं का सीजन होने के चलते कालाबाजारी की आशंका है। सीएम उड़ाका दल के इंस्पेक्टर राजदीप के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। इसमें कृषि विभाग के एसडीओ सुशील कुमार को भी शामिल किया गया। टीम ने बताई गई दुकान पर दस्तक दी तो वहां पर 330 बैग खाद का भंडारण पाया गया। दुकान संचालक पुरानी अनाज मंडी निवासी आयुष से दस्तावेज मांगे गए तो वह दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। आयुष ने दस्तावेज प्रस्तुत किए वह दुकान नंबर 235 के थे। सीएम फ्लाइंग के डीएसपी रविंद्र कुमार ने बताया कि टीम ने दुकान मालिक से खाद भंडारण को लेकर कृषि विभाग के एग्रीमेंट के बारे में जानकारी जुटाई तो वह भी भंडारण स्थल से अलग पाई गई। इस पर कृषि विभाग के एसडीओ सुशील ने फर्म मालिक आयुष के खिलाफ पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की सिफारिश की है।