सफीदों में घटना स्थल पर खड़े दुकानदार बात करते हुए।
- फोटो : bureau
पुराने बस स्टैंड पर बुधवार को लड़की पर फब्तियां कसने पर चली गोली में एक युवक घायल हो गया। गोली लगने के बाद युवक मौके से फरार हो गए। बाद में घटना की सूचना पाकर डीएसपी वीरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे, लेकिन गोली लगने से घायल युवक और उसके दोस्त वहां से गायब थे। पुलिस द्वारा जांच करने के बावजूद भी युवकों का सुराग नहीं लगा। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना स्थल के आसपास के दुकानदारों ने बताया कि एक व्यक्ति अपनी गाड़ी में अपनी बेटी को कोचिंग सेंटर पर छोड़ने के लिए जा रहा था। जब वह शराब ठेके के पास से निकाला तो वहां खड़ी बोलेरो गाड़ी में शराब पी रहे कुछ युवकों ने लड़की की ओर फब्तियां कसनी शुरू कर दी। इस दौरान व्यक्ति अपनी बेटी को कोचिंग सेंटर पर छोड़ आया और वापस आते समय बोलेरो गाड़ी को रास्ते से हटाने की बात कही। जब व्यक्ति ने गाड़ी को रास्ते के बीच से हटाने के लिए कहा तो युवकों ने उस पर हमला कर दिया। इस दौरान गाड़ी सवार व्यक्ति ने अपने बचाव में उसके पास मौजूद लाइसेंसी असलाह से फायर कर दिया। इसमें शराब पी रहे एक युवक की बाजू में गोली लग गई। घायल को लेकर उसके साथी गाड़ी को लेकर मौके से फरार हो गए। बोलेरो गाड़ी में कौन थे, अभी पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा युवक बोलेरो गाड़ी में किसी बारात मेें आए थे। डीएसपी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि यह मामला उनकी संज्ञान में आते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन वहां से सभी लोग फरार हो चुके थे। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है। वे लोगों कौन थे जांच के बाद ही पता चल सकेगा।