पत्नी को आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने के आरोप में मेन बाजार स्थित नाइयों वाली गली निवासी अभिषेक को शहर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
कैथल के करोड़ा गांव निवासी दर्शन देवी ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी ज्योति की शादी 18 जनवरी 2014 को जींद के मेन बाजार स्थित नाइयों वाली गली निवासी अभिषेक के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय के बाद से ससुराल वाले दहेज के लिए बेटी को परेशान करने लगे थे। 23 मई को बेटी के ससुराल से फोन आया कि ज्योति ने जहरीला पदार्थ निगल लिया है। जब वह अस्पताल पहुंची तो उसकी बेटी ने बताया कि ससुराल वाले उसे दहेज के लिए तंग करते थे, जिसकी वजह से उसने जहरीला पदार्थ निगल लिया है। उसके बाद ज्योति की मौत हो गई। शहर थाना पुलिस ने ज्योति के पति अभिषेक, ससुर शिवकुमार और सास नीलम को नामजद कर उनके खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज किया था। जांच अधिकारी एसआई प्रेम कुमार ने बताया कि अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।