जींद। होली का हुड़दंग शुरू होने लगा है। शनिवार को शहर के स्कूल-कॉलेजों में होली का अवकाश शुरू होने पर विद्यार्थियों ने एक दूसरे को जमकर रंगा। रंग व गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामना दी। उधर बाजारों में भी रौनक बढ़ने लगी है। हालांकि अभी ग्राहक कम हैं लेकिन कई तरह की आकर्षक पिचकारी और रंग गुलाल बाजार में आए हैं।
शहर के अधिकतर स्कूल कॉलेज में शनिवार को होली का अवकाश घोषित कर दिया गया था। इसलिए छात्र-छात्राएं पहले से ही अपने सहपाठठायों के साथ होली खेलने के लिए रंग गुलाल लेकर आए थे। छुट्टी होते ही होली का धमाल शुरू हो गया था। एक दूसरे को खूब रंग गुलाल लगाया और पर्व की शुभकामना दी। स्कूलों के बाहर भी विद्यार्थियों का धमाल मचा रहा। इस त्योहार के अभी चार दिन बचे हैं। लेकिन अभी बाजारों में ज्यादा ग्राहक नहीं पहुंच रहे हैं। माना जा रहा है कि रविवार को अवकाश होने की वजह से बाजारों में भीड़ बढे़गी।
बाजारों में आकर्षक पिकचकारियों की धूम
दुकानों पर तरह तरह के रंग व गुलाल सजाए हैं। इस बार बाजार में ऑर्गेनिक रंग भी आए हुए हैं, जोकि कीमत में भी कम हैं। इसके अलावा बच्चों के लिए विभिन्न तरह के आइटम बाजार में हैं। जिसमें वाटर गन, स्प्रे, रंगों के गुब्बारे, गुब्बारे की छड़ी प्रमुख हैं। इसमें इस बार दुकानदार ऑर्गेनिक रंगों का प्रयोग करने की भी सलाह खरीददारों को दे रहे हैं, ताकि दूसरे रंगों से चमड़ी पर होने वाले दाद खुजली से बचा जा सके। दुकानदारों को उम्मीद है कि सोमवार से लोग रंग व गुलाल की खरीददारी करना शुरू कर देंगे।
बाक्स
यह बरतें सावधानियां
नागरिक अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉक्टर राजेश भोला ने कहा कि किसी को अस्थमा या किसी प्रकार की स्किन एलर्जी है तो रंग खेलने से पहले ही स्पष्ट कर दें या ज्यादा रंग न खेलें। होली के रंगों में कुछ मात्रा में एसिड भी हो सकता है। जिसकी वजह से आंखों या त्वचा पर जलन या दर्द हो सकता है। यदि आपको लग रहा है कि किसी के रंग लगाने के बाद ऐसा हुआ है तो सबसे पहले साफ पानी से तुरंत रंग को धोएं।