जुलाना। खंड की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने तीन माह से मानदेय नहीं मिलने के विरोध में बुधवार को सीडीपीओ कार्यालय के बाहर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
इस दौरान आयोजित बैठक में आंगनबाड़ी वर्कर्स यूनियन की प्रधान राजबाला ने कहा कि तीन माह से मानदेय नहीं मिला है जिससे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले सात माह से केंद्र सरकार की तरफ से मिलने वाला बजट रुका हुआ है, जबकि पिछले तीन माह से प्रदेश सरकार की तरफ से बजट नहीं जारी करने के कारण उनका वेतन रोका गया है। इसे अलावा नौ महीने से गैस सिलिंडर के रुपये नहीं दिए जा रहे। इसके कारण उनको अपने खर्च पर गैस सिलिंडर भरवाना पड़ रहा है, खाद्य सामग्री में प्रयोग होने वाले मसाले भी खुद के खर्च पर खरीदने पड़ रहे हैं। कई बार अधिकारियों को अवगत करवाने के बाद भी समाधान नहीं हो पा रहा है। सीडीपीओ रामरति ने बताया कि विभाग के पास बजट नहीं होने के कारण वेतन नहीं मिल रहा है। बजट के लिए मुख्यालय को मांग भेजी गई है। बजट मिलते ही सभी तरह की बकाया राशि को जारी कर दिया जाएगा। इस अवसर पर सुनीता, शकुंतला , उर्मिला, कविता, मुकेश मौजूद रहीं।