अलेवा। सिविल सर्जन डाॅ. गोपाल गोयल के निर्देशानुसार बुधवार को स्वास्थ्य निरीक्षक नरेंद्र ढांडा ने स्वास्थ्य सेवाओं की योजनाओं को लोगों तक पहुंंचाने तथा नियमित टीकाकरण के तहत नगूरां, शाहपुर, जीवनपुर आदि जगहों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य निरीक्षक नरेंद्र ढांडा ने गर्भवती महिलाओं व लोगों को 0-5 वर्ष तक के बच्चों को जानलेवा बीमारियों जैसे काली खांसी, गल घोटू, दिमागी बुखार, टेटनेस, पोलियो, दस्त, खसरा, निमोनिया तथा टीबी आदि रोकथाम के लिए टीकाकरण के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वह गर्भवती महिलाएं जिनमें खून की कमी है, सर्दी के मौसम में पालक, बथुआ, मैथी, गाजर, चुकंदर, हरी पत्तेदार सब्जियां, गज्जक तथा फोलिक एसिड, आयरन, कैल्शियम, एल्बेंडाजोल गोलियों के अलावा विटामिन-सी युक्त खट्टे फलों का सेवन करें ताकि उनका स्वास्थ्य स्वस्थ रह सके। जिन महिलाओं में खून की कमी है उनके लिए पीएचसी नगूरां पर आइपीडी की सुविधा के अंतर्गत आयरन सुक्रोज के टीके उपलब्ध हैं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को समय-समय पर गलघोटू तथा टेटनेस के टीके लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर मिलने वाली औपचारिक सुविधाएं जैसे खून, बुखार, डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड, बलगम की जांच व प्राथमिक उपचार की सुविधा आयुष्मान कार्ड धारक के लिए मुफ्त में उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि लोगों को चाहिए कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनहित के लिए चलाई योजनाओं का लाभ लेना चाहिए ताकि जीवन को स्वस्थ बनाया जा सके। इस अवसर पर स्वास्थ्य कर्मचारी राजबाला, हरिता, सुनिता, संतोष के अलावा संजय कुमार, विनोद कुमार, कुलदीप, आशा वर्कर पिंकी, मुकेश, रेखा, जुगेश, मीना, बाला, रीना मौजूद रहे।