जींद। जिला में डेंगू का डंक लगातार तीखा होता जा रहा है। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग को मिली रिपोर्ट में सात नए डेंगू पॉजिटिव केस मिले हैं, जिसके चलते जिला में डेंगू पॉजिटिव का आंकड़ा 140 तक पहुंच गया है। शुक्रवार को कालवा निवासी 23 वर्षीय महिला, सफीदों निवासी 21 वर्षीय युवक, जींद निवासी 20 वर्षीय युवक, नरवाना निवासी 30 वर्षीय व्यक्ति, 54 वर्षीय व्यक्ति, उझाना निवासी 42 वर्षीय व्यक्ति शामिल है। स्वास्थ्य विभाग को जहां भी डेंगू पॉजिटिव मिले हैं वहीं फॉगिंग करवाई गई है। इसके साथ ही आसपास क्षेत्र में बुखार पीड़ितों के सैंपल भी लिए गए हैं। वहीं स्वास्थ्य निरीक्षक राममेहर वर्मा के नेतृत्व में स्वास्थ्य कर्मचारियों की ओर से मच्छरजनित रोगों के अलावा दूषित पानी से होने वाली डायरिया, हैजा व पीलिया जैसी बीमारियों से निजात पाने के लिए घर-घर जाकर लोगो को जागरूक किया। साथ ही बुखार पीड़ित लोगों की जांच के लिए रक्त के नमूने भी लिए जा रहे हैं। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. बिजेंद्र ढांडा ने बताया कि डेंगू और मौसमी बीमारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है। गांवों तथा शहरों में लगातार फीवर मास सर्वे चलाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें बुखार पीड़ितों की लगातार स्लाइडें बना रही हैं। आमजन को चाहिए कि वह स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।