हरियाणा के जींद में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि मौजूदा सरकार के चार साल के कार्यकाल के दौरान प्रदेश में प्रत्येक क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। राज्य सरकार की दूरगामी एवं विकास परख नीतियों की बदौलत वर्तमान समय में हरियाणा अक्षय ऊर्जा में देशभर में दूसरे पायदान पर है।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि कोरोना महामारी व किसान आंदोलन के बावजूद प्रदेश में 38 हजार करोड़ का निवेश आना सरकार की बड़ी उपलब्धि माना जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रदेश में औद्योगिक विकास को और गति प्रदान करने के लिए नए कदम उठाए गए हैं। जींद और मेवात में हवाई पट्टी बनाई जाएगी।
इसके लिए ई-भूमि पोर्टल व लैंड खरीद के लिए एचएसआईडीसी द्वारा 9 जगह औद्योगिक इकाई स्थापित करने के लिए आवेदन मांगे गए हैं। खटकड़ व उचाना में 550 एकड़ भूमि किसानों द्वारा सरकार को देने के आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा हाल ही में पदमा योजना लांच की गई है।
जिसके तहत जींद, रेवाड़ी, पलवल समेत अन्य जिलों में भी सार्वजनिक एवं निजी आधारभूत इकाई स्थापित कर औद्योगिक विकास को नया स्वरूप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि दिल्ली-कटड़ा नेशनल हाईवे पर लगते मेवात व जींद जिले में भी 200-200 एकड़ के लिए ई. भूमि पर आवेदन मांगे गए है और आवेदन प्राप्त होते ही पायलेट ट्रेनिंग ऑपरेटर केंद्र स्थापित करने के प्रपोजल तैयार किए जाएंगे।
इस अवसर पर विधायक अमरजीत ढांडा, जेजेपी जिलाध्यक्ष कृष्ण राठी, जिला परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि कुलदीप रंधावा, काला नंबरदार, कुलदीप गिल पिंडारा, पूर्व एमसी मोना, हलका प्रधान विकास जांगड़ा, सुरेंद्र बेरलखां, नंदलाल शर्मा, ईश्वर उझानियां, कुलबीर चहल मौजूद रहे।
हिट व रन कानून समय की मांग
उपमुख्यमंत्री ने हिट व रन कानून को समय की मांग बताया। उन्होंने कहा कि यह कानून अलग-अलग दो प्रावधानों के तहत लागू किया गया है। इसमें आकस्मिक घटना होने और चोटिल व्यक्ति की मदद करने की दिशा में अलग हिदायत लागू होंगी, जबकि किसी व्यक्ति को दुर्घटना ग्रस्त कर भागने वाले ड्राइवर पर अलग कानून सुनिश्चित किए गए है।
उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्ट चालकों की हड़ताल से आमजन को डीजल व पेट्रोल की आपूर्ति में कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इसके लिए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निदेशक को निर्देश दिए है कि वह प्रदेश के सभी 22 जिलों में पेट्रोल पंप मालिकों को तेल का पर्याप्त भंडारण व समुचित सप्लाई सुनिश्चित रखने के लिए लिखित आदेश जारी करें। इस दौरान कोई भी पेट्रोल सप्लाई वाहन ड्राइवर के हड़ताल में शामिल हुआ तो उस पर विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
कांग्रेस की लूट की जांच पर जल्द फैसले की उम्मीद
कांग्रेस की न्याय यात्रा पर बोलते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि आज किस चीज की न्याय यात्रा शुरू की जा रही है। कांग्रेस की लूट के खिलाफ जो जांच चल रही है, उसे बचाने की या फिर हुड्डा और गांधी परिवार ने मिलकर प्रदेश को लूटा है, उसे बचाने के लिए। प्रदेश में 73 हजार एकड़ जमीन लूट खाई और अब कांग्रेस न्याय की बात करती है। वह तो उम्मीद करते हैं कि कोर्ट में जो मामला चल रहा है, उस पर जल्द से जल्द सुनवाई कर फैसला सुनाया जाए।