पिल्लूखेड़ा मंडी में हार्डवेयर की दुकान में लगी आग।
- फोटो : Jind
पिल्लूखेड़ा मंडी के कालवा रोड पर कुंडू हार्डवेयर स्टोर में अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिससे काफी नुकसान हुआ है। हार्डवेयर स्टोर के मालिक कर्मबीर कुंडू ने बताया कि वह खरक गागर का रहने वाला है। पिछले छह सालों से पिल्लूखेड़ा मंडी में हार्डवेयर स्टोर से अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा है। मंगलवार रात नौ बजे अज्ञात कारणों से स्टोर में आग लग गई। रात को उसकी पत्नी को कुछ जलने की दुर्गंध आने लगी। जब वह बाहर निकले तो उनकी दुकान में भयंकर आग लगी हुई थी। आग की लपटों ने पूरी दुकान को घेर रखा था। दुकान मालिक कर्मबीर ने इस घटना की सूचना दमकल विभाग को जानकारी दी। सूचना पाकर सफीदों दमकल विभाग की गाड़ी व पिल्लूखेड़ा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। दमकल विभाग सफीदों के फायरमैन तेजबीर कालवा ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान का सामान जल चुका था। कर्मबीर ने कहा उसकी हार्डवेयर स्टोर की दुकान में रखे रेशम के बाण, छतों पर डालने वाली पॉलिथीन, बांस, खाट व दुकान में रखी 50 हजार रुपये जल गए। इस आगजनी में उसका लगभग आठ लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।