फोटो 09जेएनडी03-रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को साइबर ठगी के बारे में जागरूक करते हुए उप निरीक्षक
जींद। त्योहारी सीजन में साइबर ठगी की आशंका को देखते हुए जीआरपी ने रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को जागरूक किया। यात्रियों को साइबर अपराध के तरीकों की जानकारी देते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई। उप निरीक्षक बलवान सिंह ने बताया कि त्योहारों के दौरान साइबर ठग लोगों को आकर्षक ऑफर, इनाम और सस्ते टिकट का लालच देकर ठगी का शिकार बना सकते हैं। उन्होंने यात्रियों को समझाया कि अनजान नंबर से आने वाले फोन, संदेश और लिंक पर भरोसा न करें। किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम पिन या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। खाते में संदिग्ध लेनदेन होने पर तुरंत बैंक को सूचित करें और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं। थोड़ी सी सावधानी से ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचा जा सकता है। इस अवसर पर एएसआई सीमा, एसपीओ सुरेंद्र रेढू भी मौजूद रहे। संवाद