जींद। होली के त्योहार किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए जीआरपी ने रविवार सुबह ही जांच अभियान चलाकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रेलवे जंक्शन पर की है। इस दौरान जीआरपी ने जंक्शन पर आने वाले यात्रियों की तलाशी ली तो वहीं रेल में सवार यात्रियों के सामान की भी जांच की। यह अभियान सुबह शुरू किया गया था, लेकिन देर सायं तक चलता रहा।
जीआरपी की एएसआई कविता व कपिल के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। इस दौरान जंक्शन पर घूमने वाले संदिग्धों से भी पूछताछ की गई। इसके अलावा ट्रेन की बोग्गी में रखे सामान को खुलवाकर जांच की। इस दौरान सायं तक 500 से ज्यादा यात्रियों व उनके सामान की जांच की, ताकि त्योहार पर किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इस दौरान जीआरपी के जवानों को जंक्शन के चारों तरफ तैनात किया गया है, ताकि कोई असामाजिकतत्व त्योहार के अवसर पर यात्रियों के साथ किसी प्रकार की वारदात को अंजाम न दे। हालांकि जीआरपी का यह अभियान समय समय पर चलता रहता है। बीते दो दिन से होली को लेकर जिला पुलिस के साथ-साथ जीआरपी ने भी सख्ती बरती है। एएसआई कविता ने बताया कि जंक्शन समेत आसपास जीआरपी पूरी तरह अलर्ट है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके, जिससे यात्रियों को होने वाले नुकसान से बचाया जा सके और त्योहार पर सभी की यात्रा को सुरक्षित किया जा सके।