संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। दुकानदार को एक फाइनेंस कंपनी का क्रेडिट कार्ड बनाने का झांसा देकर अज्ञात ने उसके 75 हजार 833 रुपये हड़प लिए। मामले में साइबर शाखा अपराध थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
ईंटल कलां निवासी सतीश कुमार ने अपराध शाखा पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनकी नरवाना रोड पर स्टील वेल्डिंग की दुकान की है। उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक से क्रेडिट कार्ड ले रखा है। 16 जनवरी को किसी ने फोन कर खुद को बजाज फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताया और क्रेडिट कार्ड बनवाने के बारे में पूछा। जब उससे क्रेडिट कार्ड की सुविधा के बारे में पूछा तो उसने बताया कि इसमें दो लाख रुपये की लिमिट मिल रही है और इसका भुगतान का समय 60 दिन का है। कोई भी कागजी कार्रवाई की आवश्यकता नहीं है। उसने बताया कि क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए अपने क्रेडिट कार्ड से अभी पेमेंट करनी होगी। कुछ समय बाद उस अज्ञात व्यक्ति ने मेरे पास एक लिंक व्हाट्सएप पर भेजा और कहा कि एक रुपये की पेमेंट करने के लिए इसको खोलो। जब उस लिंक को खोला तो उसने बतलाया कि इसमें पे का विकल्प है उसमें एक रुपये भुगतान कर दो। जब मैंने उस पर क्लिक किया तो उसके पास एक ओटीपी आया जो उसमें भर दिया। उसके थोड़ी ही देर बाद उसके क्रेडिट कार्ड से 75 हजार 833 रुपये कटने का मैसेज आया। जांच अधिकारी एएसआई जगदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।