जींद। साइबर थाना पुलिस ने टावर लगाने का झांसा देकर 534345 रुपये ठगने पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। भिखेवाला गांव निवासी कृष्ण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका धनौरी नरवाना फाटक के पास प्लाट है। उसने अखबार में टावर लगाने का विज्ञापन देखा था। टावर लगवाने पर 80 लाख रुपये एडवांस, 40 हजार किराया, नौकरी, लाइट तथा फ्री कॉलिग की सुविधा देने की बात कही थी। जिस पर उसने 29 सितंबर 2022 को उसने दिए गए नंबर पर संपर्क साधा। फिर उससे नितिन तथा राजकुमार ने बातचीत की। जिसके लिए 2450 रुपये की फीस मांगी गई और लोकेशन तथा दस्तावेज मांगे गए। आरोपियों ने उसे बातों उलझाते हुए पांच लाख रुपये की मांग की। अलग-अलग तारीखों में अलग-अलग खातों में 534345 रुपये डलवा लिए। टावर नहीं लगा। आरोपियों ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया। साइबर थाना के जांच अधिकारी प्रवीण ने बताया कि कृष्ण की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। संवाद