जींद। इनेलो महिला विंग की प्रदेश महासचिव सुनैना चौटाला ने कहा कि पिछले दिनों हुई संयुक्त पात्रता परीक्षा ने कुछ झूठे लोगों की पोल खोलकर रख दी है। जजपा ने वादा किया था कि सभी परीक्षाएं गृह जिलों में कराई जाएंगी लेकिन परीक्षा देने के लिए बेरोजगारों को प्रदेश के एक कोने से दूसरे कोने में भेजा गया। इससे साफ है कि प्रदेश सरकार बेरोजगारों का मजाक उड़ा रही है।
इनेलो कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सुनैना चौटाला ने कहा कि जब चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण दुष्यंत चौटाला व अन्य कुछ नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाया था, तब वे लोग जनता को गुमराह करने के लिए अपने ऊपर हुई कार्रवाई को नाइंसाफी बता रहे थे। जबकि वही नेता आज विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा को बिना किसी कारण के ही चैयरमैन पद से हटाकर उनका अपमान करते हैं। आज प्रदेश में लगभग पांच हजार स्कूलों को बंद करके बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। सरकार नहीं चाहती कि प्रदेश के बच्चे पढ़ लिखकर आगे बढ़ें।
कहा कि हरियाणा प्रदेश बेरोजगारी के मामले में पूरे देश में एक नंबर पर पहुंच चुका है। अब प्रदेश की जनता इनकी झूठ को समझ चुकी है और यह गठबंधन की नहीं बल्कि ठगबंधन की सरकार है। इनेलो जिलाध्यक्ष रामफल कुंडू ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की फूट व उनकी पुरानी लूट जगजाहिर है अब केवल मात्र इनेलो ही ऐसी पार्टी है जो प्रदेश की जनता का भला कर सकती है। इस मौके पर सुमित्रा देवी, वेद सिंह मुंडे, सुखजिंद्र सिंह पप्पू रेढू, अंग्रेज नैन, बलराज नगूरां, बलवान कुंडू, प्रो. बलवान सिंह, पूनम बडनपुर, भगवती दहिया, सुमन देवी, सुखबीर ढुल भी मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन
19जेएनडी07 : पत्रकारों से बातचीत करती सुनैना चौटाला। संवाद