संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। फर्जी शैक्षणिक प्रमाणपत्र और जाति बदलकर सेना में नौकरी हासिल करने पर पुलिस ने आश्रम बस्ती के एक युवक, उसके माता-पिता के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। आरोपी युवक फिलहाल कुमाऊं रेजिमेंट में जम्मू कश्मीर में तैनात है।
शहर के राजनगर निवासी कविता ने प्रदेश के गृहमंत्री अनिल विज से मिलकर शिकायत दी थी कि आश्रम बस्ती निवासी अंकित जो कि बिजेंद्र सिंह के नाम से फर्जी प्रमाण पत्र और जाति बदलकर कई सालों से सेना में कार्यरत है। गृहमंत्री के आदेश पर शहर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायकर्ता ने बताया कि आश्रम बस्ती निवासी बिजेंद्र सिंह का पैतृक गांव मुआना है और उसके पिता का नाम राजकुमार और मां राजबाला है और उसकी जाति सुनार तथा मां का नाम सरोज देवी दिखाया गया। इसके अलावा आरोपी ने राजपूत जाति का फर्जी प्रमाणपत्र भी बनवा लिया। इस दस्तावेजों के माध्यम से वह कुमाऊं रेजिमेंट में भर्ती हो गया था। फिलहाल वह जम्मू कश्मीर में सेना में नौकरी कर रहा है। उसके मूल दस्तावेजों में जन्मतिथि 10 सितंबर 1995 हैं लेकिन उसके द्वारा तैयार किए गए फर्जी दस्तावेजों में उसकी जन्म तिथि 10 अक्तूबर 1998 दिखाई गई है। आरोप लगाया कि बिजेंद्र द्वारा बनाए गए फर्जी प्रमाणपत्रों में उसके पिता राजकुमार और मां राजबाला द्वारा भी सहयोग किया गया है। इसलिए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करके अब तक सेना से हासिल किए गए वेतन की भी वसूली की जाए। जांच अधिकारी एसआइ राजेश ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर बिजेंद्र, उसके पिता राजकुमार तथा मां राजबाला के खिलाफ धोखाधड़ी कर नौकरी हासिल करने और सहयोग करने के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।