फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jind News: रोहतक में पटरी से उतरी मालगाड़ी, जींद में यात्री रहे परेशान

विज्ञापन
जुलाना के रेलवे स्टेशन पर खड़ी ट्रैन और परेशान यात्री। - फोटो : Jind
विज्ञापन
जींद। नई दिल्ली-बठिंडा रेलमार्ग पर रोहतक में समर गोपालपुर स्टेशन के पास रविवार सुबह मालगाड़ी के पहियेे पटरी से उतर गए। इस कारण रेल यातायात बिल्कुल ठप हो गया, जिससे चार ट्रेनें रद्द हुईं वहीं पांच ट्रेन प्रभावित रहीं। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी दलबल सहित मौके पर पहुंचे और ट्रैक बहाल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई, लेकिन शाम तक भी रेलवे ट्रैक बहाल नहीं हो पाया। इससे चार ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, जिनमें 04456 जींद-दिल्ली मेमू, 04453 नंबर जींद से दिल्ली जाने वाली मेमू, 04981 रोहतक-जींद पैसेंजर और 04008 नंबर रोहतक एक्सप्रेस स्पेशल शामिल थी। इसके अलावा 22479 सरबत दा भला अढ़ाई घंटे लेट हुई।
विज्ञापन

20409 दिल्ली-बठिंडा एक्सप्रेस आठ घंटे से ज्यादा लेट रही। 12482 श्रीगंगानगर इंटरसिटी चार घंटे 30 मिनट देरी से आई। 16032 कटरा अंडमान एक्सप्रेस साढ़े 4 घंटे लेट रही और उसे डायवर्ट किया गया। वहीं पतालकोट एक्सप्रेस भी कई घंटे की देरी से पहुंची। इससे रेलयात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी, क्योंकि दोपहर उन्हें दिल्ली जाने के लिए कोई ट्रेन नहीं मिली, वहीं बठिंडा की तरफ जाने वाली ट्रेनें भी रोहतक जंक्शन से पीछे ट्रैक बहाल होने के इंतजार में खड़ी करनी पड़ी।
मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरे के कारण कोई हताहत नहीं हुआ। ट्रेनों के बाधित होने से लगभग 15 हजार यात्रियों पर इसका असर पड़ा। जींद, नरवाना और जुलाना स्टेशन पर ट्रेनों के इंतजार में यात्री खड़े दिखाई दिए। यात्री बार-बार पूछताछ केंद्र पर रेलवे कर्मियों से ट्रेनों के बारे में पूछते रहे, लेकिन पूरी जानकारी रेलवे कर्मचारियों के पास भी नहीं थी कि कब तक ट्रैक बहाल हो जाएगा और फिर कब पूर्ण रूप से ट्रेनों का आवागमन शुरू हो जाएगा।
विज्ञापन

इंटरसिटी, पतालकोट एक्सप्रेस 4 बजे तक भी नहीं पहुंची रोहतक
रेलवे ट्रैक क्षतिग्रस्त होने से जींद से नई दिल्ली जाने वाले ट्रैक पर ट्रेनों का दबाव बढ़ गया। इससे ट्रेनों को गुजारने के लिए रेलवे कर्मचारियों को काफी मशक्त करनी पड़ी, क्योंकि दोनों तरफ की ट्रेनों को एक ही ट्रैक से गुजारा जा रहा था। बठिंडा की तरफ से सुबह 11 बजे पहुंचने वाली 12482 श्रीगंगानगर इंटरसिटी चार बजे तक भी रोहतक नहीं पहुंची, वह कई देर तक खरैंटी और किलाजफरगढ़ स्टेशन पर खड़ी रही। ऐसे ही 14624 पतालकोट एक्सप्रेस भी चार बजे तक रोहतक नहीं पहुंची। हालांकि यह ट्रेन रविवार को पहले ही देरी से एक बजे जींद जंक्शन पर एक बजे पहुंची थी जबकि इसका जींद आने का समय 8 बजकर 56 मिनट है, लेकिन यह ट्रेन भी कई घंटे किलाजफरगढ़ और खरैंटी में खड़ी रही। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
4 ट्रेन हुईं रद्द, यात्रियों को हुई परेशानी
जींद से दिल्ली की तरफ और दिल्ली से जींद आने वाली चार पैसेंजर ट्रेनों को रेलवे ने रद्द कर दिया। वहीं दो ट्रेनों को डायवर्ट किया गया। यात्रियों को दोपहर बाद दिल्ली जाने के लिए ट्रेन नहीं मिली तो दोपहर से पहले रोहतक की तरफ से जींद तथा पंजाब की तरफ जाने के लिए ट्रेन मुहैया नहीं हो पाई। दोपहर बाद एक बजकर 10 मिनट पर जींद पहुंचने वाली ट्रेन नंबर 04453 मेमू को रद्द कर दिया गया वहीं दो बजकर 45 मिनट पर दिल्ली के लिए रवाना होने वाली 04454 मेमू भी रद्द कर दी गई। इसके अलावा रोहतक की तरफ से तीन बजकर 40 मिनट पर जींद आने वाली पैसेंजर ट्रेन को भी रद्द कर दिया गया। वहीं 04981 रोहतक-जींद पैसेंजर को भी रद्द कर दिया।
जुलाना में घंटों खड़ी रहीं एक्सप्रेस ट्रेनें
जुलाना स्टेशन पर इंटरसिटी और छिंदवाड़ा एक्सप्रेस ट्रेन को घंटों इंतजार करना पड़ा। रोहतक तक जाने वाले यात्रियों ने इंतजार के बाद बसों की ओर रूख करना पड़ा। जुलाना स्टेशन पर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन 11 बजकर 47 मिनट पर पहुंची और एक बजकर 15 मिनट पर उसे रोहतक की तरफ रवाना किया गया। उसके बाद पतालकोट एक्सप्रेस रेलवे स्टेशन पर पहुंची और उसे भी घंटों इंतजार करना पड़ा। दोनों ट्रेनों का जुलाना के रेलवे स्टेशन पर ठहराव नहीं है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें