जींद। युवती के साथ इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर दुष्कर्म करने, तीन लाख रुपये व सोने के जेवरात हड़पने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने पर शहर थाना पुलिस ने राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के अजय के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी ने खुद को आईपीएस अधिकारी बताकर युवती को अपने जाल में फंसाया था।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में सदर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 20 वर्षीय युवती ने बताया कि इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी जान-पहचान खुद को राजस्थान के जिला हनुमानगढ़ में आईपीएस अधिकारी बताने वाले अजय के साथ हुई थी। अजय के साथ उसकी काफी दिनों तक बातचीत हुई। बाद में उसने उसकी सरकारी नौकरी लगवाने की बात कही। इसके लिए आठ लाख रुपये की मांग की। दोनों में दोस्ती हुई तो अजय उससे मिलने के लिए जींद आया। उसको नशीला पदार्थ पिलाकर एक होटल में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म करने के साथ अश्लील वीडियो बनाया। वीडियो का डर दिखाकर उसने फरवरी से जून तक उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने नौकरी लगवाने का झांसा देकर तीन लाख रुपये, सोने की चूड़ी, एक मंगलसूत्र, सोने का लॉकेट भी ले लिया। इसके बाद भी उसने नौकरी नहीं लगवाई। आरोपी ने उसको इन घटनाओं के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। शहर थाना की एएसआई रीना रानी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
बच्ची से पड़ोसी युवक ने किया दुष्कर्म
जींद। शहर की एक कॉलोनी की रहने वाली 12 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में शहर थाना पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि वह 12 जुलाई को काम के सिलसिले में घर से बाहर गई हुई थी। उनकी बेटी घर में अकेली थी। इस दौरान पड़ोस में रहने वाला युवक कुलदीप उनके घर में घुस गया और बेटी को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जब उनकी बेटी की तबीयत बिगड़ी तो वारदात के बारे में पता चला। एसआई गीता देवी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।